02 अगस्त को आदित्यपुर में होगा संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह-सह-आकांक्षा हाट 2025 का आयोजन

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

02 अगस्त को आदित्यपुर में होगा संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह-सह-आकांक्षा हाट 2025 का आयोजन

सरायकेला, गम्हरिया एवं कुकडू प्रखंड की विकास यात्रा को मिलेगा मंच

सरायकेला/आदित्यपुर, 01 अगस्त : जिला प्रशासन, सरायकेला-खरसावाँ द्वारा आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह-सह-आकांक्षा हाट 2025 का आयोजन आगामी 02 अगस्त को ऑटो क्लस्टर, आदित्यपुर परिसर में किया जाएगा। यह कार्यक्रम नीति आयोग, भारत सरकार के मार्गदर्शन में संचालित आकांक्षी जिला पहल का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य ज़मीनी स्तर पर विकासात्मक कार्यों को पहचान देना और जनसहभागिता को प्रोत्साहित करना है।

इस विशेष अवसर पर सरायकेला, गम्हरिया एवं कुकडू प्रखंड में विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नवाचारों तथा सामुदायिक भागीदारी से प्राप्त उपलब्धियों का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही, इन क्षेत्रों में सराहनीय योगदान देने वाले फ्रंटलाइन वर्कर्स, पंचायती राज प्रतिनिधियों, महिला स्वयं सहायता समूहों, लाभुकों एवं विभिन्न विभागीय टीमों को सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल बेहतरीन कार्यों की पहचान करना है, बल्कि उनके ज़रिए अन्य को भी प्रेरणा देना है, जिससे ज़िला समग्र रूप से आगे बढ़ सके।

इस अवसर पर “आकांक्षा हाट” का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों द्वारा उत्पादित सामग्रियों की प्रदर्शनी और बिक्री की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, स्वच्छता, जल प्रबंधन, वित्तीय समावेशन और सामाजिक सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में प्रगति को दर्शाने हेतु विभागवार प्रदर्शनियों का भी आयोजन किया जाएगा।

यह आयोजन ज़िला प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जो समावेशी विकास और स्थानीय सहभागिता के बल पर आकांक्षी जिलों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।

Share This Article