चांडिल अनुमंडल में श्रद्धा और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा
चांडिल, 16 जुलाई : रथयात्रा के पावन अवसर पर सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल में गुरुवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकाली गई। चांडिल, नीमडीह, कुकडू और ईचागढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे मार्ग में “जय जगन्नाथ” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
चांडिल के मठिया आश्रम से भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलराम और बहन सुभद्रा की तीन अलग अलग रथों पर विराजमान होकर रथयात्रा निकाली गई, जो चांडिल स्टेशन स्थित मौसी बाड़ी पहुंची। रथ को खींचने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। वहीं, नीमडीह प्रखंड के रघुनाथपुर में भी पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ रथयात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान जगन्नाथ, बलराम और सुभद्रा रथ पर सवार होकर मौसीबाड़ी पहुंचे हैं। यहां सात दिनों तक प्रवास के बाद आठवें दिन प्रभु बाहूड़ा रथ के माध्यम से पुनः अपने धाम लौटेंगे।
चांडिल बाजार में निकली रथयात्रा का नेतृत्व जूना अखाड़ा के महंत विद्यानंद सरस्वती ने किया। इस अवसर पर विधायक सविता महतो, आजसू केंद्रीय महासचिव हरे लाल महतो, हिकीम चंद्र महतो, बॉबी जालान, आशीष कुंडू, संजय चौधरी, दीपू जायसवाल सहित कई गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में गहरा उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।