22 अगस्त को सरायकेला-खरसावां जिले की पंचायतों में लगेगा वित्तीय समावेशन एवं जागरूकता शिविर

सरायकेला, 19 अगस्त : भारत सरकार के वित्तीय सेवा विभाग (DFS) के निर्देशानुसार जिले की विभिन्न पंचायतों में आगामी 22 अगस्त को वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम अंतर्गत वित्तीय समावेशन सह जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय जागरूकता बढ़ाना और आमजन को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है।

शिविरों में प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY), प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) तथा अटल पेंशन योजना (APY) से संबंधित लाभुकों के आवेदन लिए जाएंगे और उनका त्वरित पंजीकरण किया जाएगा। इसके अलावा बैंक खातों का पुनः केवाईसी (Re-KYC), नामांकन (Nomination) से जुड़े कार्य भी संपन्न होंगे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लाभार्थियों को वित्तीय साक्षरता संबंधी जानकारी दी जाएगी। साथ ही उन्हें डिजिटल लेन-देन के सुरक्षित उपयोग, सतर्कता बरतने और साइबर धोखाधड़ी से बचाव के तरीकों का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इन पंचायतों में होगा आयोजन
शिविरों का आयोजन जिले की आदित्यपुर (गम्हरिया प्रखंड) : दुग्धा, जयकान, कांड्रा, राजनगर (गोविन्दपुर) : एदल, राजनगर, ईचागढ़ : तिरूलडीह-2, खरसावां : बीटापुर, कृष्णापुर, कुकड़ू : जानुम, नीमडीह : झिमड़ी, सामानपुर, तिल्ला में किया जाएगा।
जिला अग्रणी प्रबंधक ने सभी स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से अपील की है कि वे इन शिविरों में सक्रिय रूप से भाग लेकर वित्तीय समावेशन को सफल बनाएं तथा सरकार की योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त करें।


