सीएम हेमंत सोरेन आज जमशेदपुर दौरे पर, विधायक कल्पना सोरेन के साथ करेंगे रामदास सोरेन के परिजनों से मुलाकात

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सीएम हेमंत सोरेन आज जमशेदपुर दौरे पर, विधायक कल्पना सोरेन के साथ करेंगे रामदास सोरेन के परिजनों से मुलाकात

जमशेदपुर, 20 अगस्त : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज जमशेदपुर पहुंच रहे हैं। उनके साथ उनकी पत्नी एवं गांडेय से विधायक कल्पना सोरेन भी होंगी। मुख्यमंत्री का यह दौरा मुख्य रूप से दिवंगत मंत्री एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता रामदास सोरेन के परिजनों से मुलाकात करने के लिए है।

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री, घोड़ाबांधा स्थित दिवंगत नेता के आवास जाएंगे, जहां वे परिवारजनों से भेंट कर शोक संवेदना प्रकट करेंगे। गौरतलब है कि पूर्व मंत्री रामदास सोरेन का हाल ही में दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया था। उनके असामयिक निधन से झामुमो को गहरा धक्का लगा है और जमशेदपुर सहित पूरे कोल्हान क्षेत्र में शोक की लहर है।

रामदास सोरेन राज्य सरकार में शिक्षा मंत्री थे और कोल्हान की राजनीति में उनकी गहरी पकड़ थी। उनके निधन से घाटशिला विधानसभा सीट खाली हो गई है। आने वाले महीनों में यहां उपचुनाव होना तय है। ऐसे में मुख्यमंत्री का यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

झामुमो कार्यकर्ताओं और समर्थकों में सीएम हेमंत सोरेन की इस मुलाकात को लेकर उत्सुकता देखी जा रही है। अनुमान है कि बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग घोड़ाबांधा पहुंचेंगे।

इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दिवंगत नेता के योगदान को याद करेंगे और पार्टी तथा सरकार की ओर से परिवार को हर संभव सहयोग का भरोसा भी देंगे।

Share This Article