हजारीबाग घटना पर पत्रकारों में उबाल, मंत्री इरफान अंसारी के खिलाफ सरायकेला-खरसावां प्रेस क्लब का प्रदर्शन

Manbhum Updates
2 Min Read

सरायकेला, 30 अप्रैल : झारखंड के हजारीबाग में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के सामने एक पत्रकार के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर राज्यभर में पत्रकारों में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है। इस घटना के विरोध में गुरुवार को सरायकेला-खरसावां जिला मुख्यालय में प्रेस क्लब द्वारा जोरदार प्रदर्शन किया गया।
प्रेस क्लब के महासचिव प्रमोद सिंह के नेतृत्व में पत्रकार सड़कों पर उतरे और घटना की कड़ी निंदा की। प्रदर्शन के बाद पत्रकारों ने उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
बताया जा रहा है कि हजारीबाग में एक पत्रकार द्वारा सवाल पूछे जाने पर मंत्री नाराज हो गए, जिसके बाद उनके समर्थकों ने मंत्री के सामने ही पत्रकार के साथ मारपीट की। इस घटना में पत्रकार के घायल होने की भी सूचना है।
पत्रकारों ने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और सवाल पूछना उनका अधिकार ही नहीं, बल्कि कर्तव्य भी है। जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे जनहित के मुद्दों पर पूछे गए सवालों का जवाब दें, न कि इस तरह की घटनाओं को बढ़ावा दें।
सरायकेला-खरसावां प्रेस क्लब ने मांग की है कि इरफान अंसारी सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और घटना में शामिल अपने समर्थकों को तत्काल पुलिस के हवाले करें, ताकि कानून के तहत कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
प्रेस क्लब ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Share This Article