बजट सत्र की तैयारियों को लेकर सत्ता पक्ष की उच्चस्तरीय बैठक

रांची, 17 फरवरी : षष्टम झारखंड विधानसभा के पंचम (बजट) सत्र 18 फरवरी से 19 मार्च 2026 तक आहूत किया गया है। इसकी तैयारियों को लेकर सत्ता पक्ष के मंत्री एवं विधायकों की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने की।
मुख्यमंत्री ने बजट सत्र के दौरान सरकार की प्राथमिकताओं, नीतियों एवं विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से सदन में प्रस्तुत करने पर जोर देते हुए सभी मंत्रियों और विधायकों से पूरी तैयारी, समन्वय और सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सत्र राज्यहित के महत्वपूर्ण मुद्दों पर सार्थक चर्चा का मंच है, इसलिए हर विभाग को तथ्यात्मक और अद्यतन जानकारी के साथ तैयार रहना चाहिए।
उच्चस्तरीय बैठक में आगामी बजट की रूपरेखा, राज्य की आर्थिक स्थिति तथा विकास प्राथमिकताओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। विशेष रूप से राज्य की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने, महिला सशक्तिकरण कार्यक्रमों को बढ़ावा देने, ट्राइबल वेलफेयर तथा छात्रवृत्ति योजनाओं को बजट में प्रमुखता देने पर चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट राज्य के सर्वांगीण विकास का दस्तावेज होता है, इसलिए इसमें जनहित और विकास की स्पष्ट झलक दिखनी चाहिए।
उन्होंने वित्त विभाग की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए निर्देश दिया कि विभागीय तैयारियों में किसी प्रकार की कमी न रहे। साथ ही सत्ता पक्ष एवं विपक्ष के विधायकों द्वारा पूछे जाने वाले संभावित प्रश्नों और बजट संबंधी मुद्दों पर पूर्ण तैयारी सुनिश्चित करने को कहा।



