पूर्णिमा मांझी की तलाश हुई समाप्त, गालूडीह बराज से मिला शव……कल से लापता महिला की आज पानी में तैरती मिली लाश, परिजनों में कोहराम

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

पूर्णिमा मांझी की तलाश हुई समाप्त, गालूडीह बराज से मिला शव……कल से लापता महिला की आज पानी में तैरती मिली लाश, परिजनों में कोहराम

Oplus_131072

जमशेदपुर/घाटशिला 06 जुलाई : गालूडीह बराज डैम में रविवार सुबह एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान पूर्णिमा मांझी के रूप में हुई है, जो कल सुबह से लापता थीं। परिजनों ने शनिवार को उनकी गुमशुदगी की सूचना स्थानीय पुलिस और सोशल मीडिया के माध्यम से दी थी, जिसे लेकर व्यापक स्तर पर खोजबीन की जा रही थी।

स्थानीय मछुआरों ने आज सुबह गालूडीह बराज डैम में एक शव को पानी में तैरते देखा और तुरंत इसकी जानकारी पुलिस और डैम गार्ड को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और पहचान की प्रक्रिया शुरू की। मृतका के बेटे रोहित मांझी ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान अपनी मां पूर्णिमा मांझी के रूप में की।

बताया जा रहा है कि पूर्णिमा मांझी बीते कुछ समय से बीमार चल रही थीं और शनिवार की सुबह घर से अचानक गायब हो गई थीं। परिवार वालों को शुरू में आत्महत्या की आशंका नहीं थी, लेकिन जब देर शाम तक वह नहीं लौटीं, तो परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। साथ ही सोशल मीडिया व समाचार माध्यमों से अपील जारी की गई थी।

घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस हर संभावित पहलू पर जांच कर रही है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। बेटे रोहित मांझी ने बताया कि उनकी मां काफी समय से बीमार थीं और मानसिक रूप से भी परेशान रहने लगी थीं।

गालूडीह थाना प्रभारी ने बताया कि, “घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। शव को पानी से बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।”

गौरतलब है कि पूर्णिमा मांझी की गुमशुदगी की खबर Manbhum Updates पर प्रसारित हुई थी, जिसमें नागरिकों से उन्हें खोजने में मदद की अपील की गई थी। इस दुखद अंत ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।

Share This Article