कपाली के मस्जिद रोड पर जलजमाव और कीचड़ से लोग परेशान, सड़क मरम्मत की उठी मांग
चांडिल, 10 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 03 स्थित मस्जिद रोड की हालत इन दिनों बद से बदतर हो गई है। सड़क पर जलजमाव और कीचड़ के कारण राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों के लिए इस मार्ग से गुजरना मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हल्की बारिश होते ही सड़क पर पानी जमा हो जाता है और कई स्थानों पर कीचड़ फैल जाता है। उनका कहना है कि पहले इस सड़क की स्थिति ऐसी नहीं थी। आरोप है कि कुछ दिन पूर्व कपाली नगर परिषद द्वारा सड़क पर मिट्टी की फीलिंग कराई गई थी, जो बारिश के कारण कीचड़युक्त मार्ग में परिवर्तित हो गई। इसके चलते सड़क की हालत अत्यंत खराब हो गई है।
रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को फिसलने का डर बना रहता है। दोपहिया वाहन चालकों को भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत और जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई, तो बरसात के मौसम में समस्या और गंभीर हो सकती है।
इस संबंध में स्थानीय लोगों ने कपाली नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी से मांग की है कि सड़क की शीघ्र मरम्मत कराई जाए तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आम लोगों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।
वार्ड पार्षद नसरीन परवीन ने भी स्थानीय लोगों की मांग को दोहराया कि उक्त सड़क से प्रतिदिन आवागमन करने वाले लोगों को काफी परेशानी होती हैं। फिसलन भरी सड़क पर चलना जोखिम भरा है। कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, इसकी संभावना बनी हुई हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि अविलंब सड़क मरम्मत कार्य शुरू किया जाय, अन्यथा लोग सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।