नीमडीह : बामनी में 55 लाख की लागत से बनेगा स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन, जिप उपाध्यक्ष व सदस्य ने किया शिलान्यास

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

नीमडीह : बामनी में 55 लाख की लागत से बनेगा स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन, जिप उपाध्यक्ष व सदस्य ने किया शिलान्यास

नीमडीह, 17 जून : सरायकेला-खरसावां जिला परिषद मद से नीमडीह प्रखंड के बामनी गांव में नए स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन का निर्माण कराया जाएगा। बुधवार को जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो एवं नीमडीह के जिला परिषद सदस्य असित सिंह पात्र ने संयुक्त रूप से भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।

इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने बताया कि 15वें वित्त आयोग जिला परिषद मद से लगभग 55 लाख रुपये की लागत से स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में स्वास्थ्य केंद्रों के भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। भवन निर्माण पूरा होने के बाद स्वास्थ्य विभाग द्वारा आवश्यकतानुसार चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के पद सृजित किए जाएंगे, जिससे ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। वहीं, सृजित पदों पर पदस्थापित डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों को बेहतर सेवा देने के लिए अब भवन उपलब्ध होगी।

जिला परिषद सदस्य असित सिंह पात्र ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से एक समुचित स्वास्थ्य केंद्र भवन की आवश्यकता थी। वर्तमान में स्वास्थ्यकर्मियों को आंगनबाड़ी केंद्रों में टीकाकरण एवं प्राथमिक उपचार जैसी सेवाएं संचालित करनी पड़ती हैं। नए भवन के निर्माण से ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी और स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा भी बढ़ेगा।

उन्होंने उम्मीद जताई कि संवेदक द्वारा निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को जल्द इसका लाभ मिल सके।

शिलान्यास कार्यक्रम में सामानपुर पंचायत के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन निर्माण की पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

Share This Article