सरायकेला : गैरेज चौक स्थित शराब दुकान का औचक निरीक्षण, अभिलेख और स्टॉक मिले दुरुस्त

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

सरायकेला : गैरेज चौक स्थित शराब दुकान का औचक निरीक्षण, अभिलेख और स्टॉक मिले दुरुस्त

सरायकेला, 17 जून : सरायकेला नगर क्षेत्र के गैरेज चौक स्थित लाइसेंसी खुदरा शराब दुकान का बुधवार को उत्पाद विभाग द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्टॉक, विक्रय अभिलेख, मूल्य सूची एवं उपभोक्ताओं को निर्धारित दर पर उत्पाद उपलब्ध कराए जाने संबंधी व्यवस्थाओं की जांच की गई। जांच में सभी अभिलेख अद्यतन एवं नियमानुसार पाए गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक विजय क्षितिज मिंज ने गैरेज चौक स्थित लाइसेंसी शराब दुकान का निरीक्षण किया। इस दौरान उपलब्ध मदिरा स्टॉक, विक्रय अभिलेखों तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। जांच में स्टॉक एवं विक्रय संबंधी अभिलेख अद्यतन और विभागीय नियमों के अनुरूप संधारित पाए गए।

निरीक्षण के क्रम में दुकान में प्रदर्शित मूल्य सूची और विक्रय दरों का भी मिलान किया गया। साथ ही वहां मौजूद ग्राहकों से मदिरा उत्पादों की कीमत एवं उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली गई। ग्राहकों ने बताया कि सभी उत्पाद निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जांच के दौरान मूल्य निर्धारण एवं विक्रय व्यवस्था में किसी प्रकार की अनियमितता नहीं मिली।

उत्पाद अधीक्षक विजय क्षितिज मिंज ने दुकान प्रबंधन को विभागीय प्रावधानों एवं लाइसेंस की शर्तों का अक्षरशः पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मदिरा उत्पादों की बिक्री केवल निर्धारित एमआरपी पर ही की जाए तथा स्टॉक, विक्रय एवं अन्य अभिलेखों का नियमित और अद्यतन संधारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि दुकान में मूल्य सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित रहे, उपभोक्ताओं को आवश्यकता अनुसार बिल उपलब्ध कराया जाए तथा निरीक्षण के लिए सभी अभिलेख हमेशा उपलब्ध रखे जाएं। साथ ही स्टॉक एवं विक्रय विवरण का नियमित मिलान करते हुए विभागीय दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

उत्पाद अधीक्षक ने कहा कि जिले में मदिरा विक्रय व्यवस्था में पारदर्शिता, उपभोक्ता हितों की सुरक्षा और विभागीय नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नियमित एवं औचक निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Share This Article