बकरी पालन से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े कदम, पटमदा में 12 लाभुकों को मिला पशुधन का सहारा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

बकरी पालन से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े कदम, पटमदा में 12 लाभुकों को मिला पशुधन का सहारा

जमशेदपुर/पटमदा, 22 जून : ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में सोमवार को पटमदा प्रखंड में मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत बकरी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। योजना के तहत चयनित 12 लाभुकों को बकरियां प्रदान की गईं, जिससे उन्हें आय का स्थायी स्रोत विकसित करने में मदद मिलेगी।

प्रखंड परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख बालिका सोरेन, विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू, प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र कुमार दास, जिला परिषद सदस्य खगेन महतो, प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी डॉ. सुमन विश्वास, समाजसेवी विश्वनाथ महतो समेत कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

योजना के तहत सुनील कुमार महतो, नियति महतो, सुजीत कुमार महतो, हिमांशु महतो, संजय महतो, सलबत कोड़ा मुड़ी, देवीलाल रजक, भास्कर सिंह, माझी रजवार और दशरथ सहिस को 10-10 बकरियां उपलब्ध कराई गईं। इसके अलावा दो अन्य लाभुकों को 5-5 बकरियों का वितरण किया गया।

इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू ने कहा कि राज्य सरकार की यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में प्रभावी साबित हो रही है। बकरी पालन कम लागत में बेहतर आय का माध्यम है, जिससे ग्रामीण परिवार आत्मनिर्भर बन सकते हैं।

वहीं, प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राजेन्द्र कुमार दास ने लाभुकों को पशुओं की नियमित देखभाल, टीकाकरण और पशुपालन विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब लाभुक पशुपालन को आजीविका के रूप में अपनाकर इसका विस्तार करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान लाभुकों ने सरकार और प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि बकरी पालन से उन्हें अतिरिक्त आय अर्जित करने का अवसर मिलेगा, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी। मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन और आर्थिक सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बनती जा रही है।

Share This Article