जगन्नाथ रथ मेला को लेकर सरायकेला में यातायात पर रहेगा प्रतिबंध

05 जुलाई को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक नो एंट्री लागू
सरायकेला, 04 जुलाई : जगन्नाथ पूजा के पावन अवसर पर सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्रान्तर्गत आयोजित रथ मेला को लेकर जिला प्रशासन ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। जिला परिवहन पदाधिकारी, सरायकेला-खरसावां द्वारा जारी आदेश के अनुसार 5 जुलाई 2025 को रथ मेला के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नो एंट्री की व्यवस्था लागू की गई है।
आदेश के अनुसार, सरायकेला थाना अंतर्गत साहेबगंज से चाईबासा रोड भाजपा कार्यालय तक के मार्ग में 5 जुलाई को पूर्वाह्न 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक सभी प्रकार के मालवाहक छोटे-बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। इस अवधि में संबंधित मार्ग से किसी भी वाणिज्यिक वाहन को गुजरने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
जिला प्रशासन ने वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस अवधि में वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और प्रशासन का सहयोग करते हुए पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहभागी बनें।


