ईचागढ़ पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी का किया खुलासा, पश्चिम बंगाल से चोर गिरफ्तार

ईचागढ़, 04 जुलाई : ईचागढ़ थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले से एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी गया ट्रैक्टर भी बरामद कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, ईचागढ़ थाना क्षेत्र के लेपाटाँड़ गांव निवासी किशोर उरांव (उम्र 46) ने 2 जून को थाना में आवेदन देकर अपने ट्रैक्टर की चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदन में बताया गया था कि उनके ट्रैक्टर (नंबर JH06T 5157) को अज्ञात चोरों ने चुरा लिया है। ट्रैक्टर का इंजन नंबर 3100FLU44A1392760F18 और चेसिस नंबर BZJSP1407253SM है।

शिकायत के आधार पर ईचागढ़ थाना में कांड संख्या 43/2025, दिनांक 02.06.2025 को भा.दं.सं. की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावां के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया।
छानबीन के क्रम में टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के टामना थाना अंतर्गत नौराडीह गांव में छापेमारी की। वहां से 23 वर्षीय तपानंद मंडल को गिरफ्तार किया गया। उसके घर से शिकायत में वर्णित ट्रैक्टर बरामद कर लिया गया।
छापेमारी दल में ईचागढ़ थाना प्रभारी विक्रमादित्य पांडेय, एसआई महाती सिंह, एसआई विश्वजीत कुमार तिवारी एवं हवलदार राजेश कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और संभावना जताई जा रही है कि ट्रैक्टर चोरी की इस घटना में और भी लोग शामिल हो सकते हैं। मामले की जांच जारी है।


