SIR-2026 के तहत मतदाता सूची के सत्यापन को लेकर जागरूकता अभियान तेज
सरायकेला, 25 अगस्त : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत सरायकेला-खरसावां जिले में मतदाता सूची के सत्यापन और आवश्यक सुधार को लेकर जागरूकता गतिविधियां तेज कर दी गई हैं। प्रशासन की ओर से मतदाताओं से अपने और परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम, पता एवं अन्य विवरणों का सत्यापन करने की अपील की गई है।
प्रशासन के अनुसार 30 जून से 29 जुलाई तक गणना चरण पूरा होने के बाद अब मतदाताओं को प्रारूप मतदाता सूची में दर्ज विवरणों की जांच करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। किसी पात्र व्यक्ति का नाम छूटने, विवरण में गलती होने या अन्य किसी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा-आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।
15 सितंबर तक दावा-आपत्ति
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दावा एवं आपत्ति प्रस्तुत करने की अवधि 5 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक निर्धारित है। दावा-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया 5 अगस्त से 14 अक्टूबर तक चलेगी, जबकि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 19 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।
प्रशासन ने बताया कि ऐसे पात्र भारतीय नागरिक, जो वर्तमान मतदाता सूची में पंजीकृत नहीं हैं और 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, वे फॉर्म-6 और घोषणा-पत्र के माध्यम से नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन ECINET ऐप के माध्यम से ऑनलाइन अथवा संबंधित बीएलओ के पास जमा किया जा सकता है।
मतदान केंद्र बदलने के लिए फॉर्म-8
यदि किसी मतदाता का मतदान केंद्र उसके निवास स्थान से दूर है या परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों की सूची में दर्ज हैं, तो फॉर्म-8 के माध्यम से उपयुक्त मतदान केंद्र में नाम स्थानांतरित कराने के लिए आवेदन किया जा सकता है। यह आवेदन ECINET ऐप, निर्वाचन आयोग के मतदाता सेवा पोर्टल अथवा संबंधित बीएलओ के माध्यम से किया जा सकता है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने जिले के मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने और परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम तथा विवरण का अनिवार्य रूप से सत्यापन करें। उन्होंने कहा कि नाम छूटने, गलत विवरण दर्ज होने अथवा मतदान केंद्र से संबंधित किसी समस्या की स्थिति में 15 सितंबर तक निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा-आपत्ति दर्ज कराएं।
उन्होंने विशेष रूप से पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं से समय पर आवेदन करने की अपील की। साथ ही बीएलओ को आवश्यक सहयोग देकर मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
मतदाता सहायता एवं निर्वाचन संबंधी जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है। प्रशासन ने पात्र नागरिकों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने मतदाता संबंधी विवरण का सत्यापन करने की अपील की है।



