एंबुलेंस के लिए PLV ने दिखाई तत्परता, तीन घायलों को समय पर पहुंचाया एमजीएम

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

ईचागढ़ थाना पुलिस और PLV कार्तिक गोप की पहल से पातकुम स्वास्थ्य केंद्र से एमजीएम अस्पताल भेजे गए मरीज

ईचागढ़, 05 अक्टूबर : ईचागढ़ थाना क्षेत्र के झाड़ुआ-कुईडीह के बीच सोमवार को मोटरसाइकिल से गिरकर बेहोश हुए व्यक्ति को पुलिसकर्मियों ने तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। इसके बाद समय पर एंबुलेंस उपलब्ध कराने में पुलिस और पारा लीगल वॉलंटियर (PLV) कार्तिक गोप की सक्रियता से तीन मरीजों को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेजा गया।

जानकारी के अनुसार, कुईडीह निवासी सुधीर उरांव मोटरसाइकिल से गिरकर पुलिया के समीप बेहोश अवस्था में पड़े थे। सूचना मिलने पर ईचागढ़ थाना के पुलिसकर्मी उन्हें अपने वाहन से स्वास्थ्य केंद्र पातकुम लेकर पहुंचे। इसकी जानकारी मिलते ही PLV कार्तिक गोप भी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों से जानकारी ली।

स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी ने सुधीर उरांव को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया। इसी दौरान 108 एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने पर PLV कार्तिक गोप ने 108 सेवा से संपर्क किया, लेकिन तत्काल एंबुलेंस नहीं मिल सकी। इसके बाद उन्होंने ईचागढ़ थाना प्रभारी वरुण यादव से संपर्क कर स्थिति की जानकारी दी।

थाना प्रभारी ने तत्काल स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी से बात की और आवश्यक पहल करते हुए एंबुलेंस की व्यवस्था कराई। इसके बाद सुधीर उरांव के साथ सनाहातु, रांची थाना क्षेत्र के निवासी बुद्धेश्वर सिंह मुंडा और सचिन सिंह मुंडा को भी 108 एंबुलेंस से इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया।

समय पर एंबुलेंस मिलने और मरीजों को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजे जाने से परिजनों में राहत और खुशी का माहौल देखा गया। PLV कार्तिक गोप की तत्परता और ईचागढ़ थाना पुलिस की पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की।

Share This Article