नगरपालिका चुनाव के दिन 23 फरवरी को सार्वजनिक अवकाश घोषित

रांची, 13 फरवरी : झारखंड सरकार के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने राज्य में होने वाले नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के मतदान दिवस पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इस संबंध में अधिसूचना जारी कर जानकारी दी गई है कि 23 फरवरी 2026 (सोमवार) को संबंधित नगरपालिका क्षेत्रों में अवकाश रहेगा।
जारी अधिसूचना के अनुसार, राज्य निर्वाचन आयोग, झारखंड के पत्रांक-238, दिनांक 30 जनवरी 2026 के आलोक में यह निर्णय लिया गया है। मतदान के अवसर पर मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने में सुविधा हो, इसके मद्देनजर यह कदम उठाया गया है।
सरकार द्वारा निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट, 1881 की धारा-25 के तहत संबंधित नगरपालिका क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इसके तहत इन क्षेत्रों में स्थित सभी सरकारी कार्यालय एवं सार्वजनिक प्रतिष्ठान 23 फरवरी को बंद रहेंगे। यह आदेश झारखंड राज्यपाल के आदेश से जारी किया गया है।


