दुर्गापूजा से पहले अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी, दो भट्टियां ध्वस्त

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

खरसावां, 05 अक्टूबर : दुर्गापूजा के मद्देनजर सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ उत्पाद विभाग की कार्रवाई तेज हो गई है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर सोमवार को अधीक्षक उत्पाद क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में विशेष छापामारी अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान खरसावां थाना क्षेत्र के बरजूडीह और गांगुडीह में अवैध रूप से संचालित दो चुलाई शराब भट्टियों को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने कुल 19 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की। वहीं, मौके पर करीब 2,100 किलोग्राम जावा महुआ को विनष्ट किया गया।

उत्पाद विभाग के अनुसार अवैध शराब के निर्माण और कारोबार में संलिप्त लोगों को चिन्हित किया जा रहा है। संबंधित भट्ठी संचालकों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जिला प्रशासन ने कहा है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। दुर्गापूजा को देखते हुए अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संबंधित विभागों को सतत निगरानी और कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने आम लोगों से अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण या बिक्री से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना संबंधित विभाग अथवा स्थानीय प्रशासन को दें।

Share This Article