दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में युवक की मौत, दो घायल – गंभीर घायल को हरेलाल महतो की निःशुल्क एम्बुलेंस से पहुंचाया अस्पताल

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

नीमडीह, 05 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। हादसा बेरासी-सिरूम पंचायत अंतर्गत छातारडीह और हाईतिरुल के बीच सड़क पर करीब दो बजे हुआ।

बताया गया कि दो बाइक सवारों के बीच अचानक जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीण चिकित्सक डॉ. सुदीप महतो ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाने की जरूरत महसूस हुई।

ऐसे समय में ईचागढ़ विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं समाजसेवी हरेलाल महतो द्वारा संचालित निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा मददगार साबित हुई। एम्बुलेंस के माध्यम से गंभीर घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, नीमडीह पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया।

टाटा मुख्य अस्पताल में चिकित्सकों ने नीमडीह थाना क्षेत्र के दुलमी निवासी टिंकर रजक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल सोना महतो और लाल महतो का नीमडीह में उपचार किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने भी तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने और राहत कार्य में सहयोग किया। इस दौरान रंजीत महतो, रवींद्र सिंह सरदार समेत अन्य ग्रामीणों की भूमिका रही।

घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने संबंधित सड़क पर बढ़ती दुर्घटनाओं को देखते हुए यातायात सुरक्षा के आवश्यक उपाय किए जाने की मांग की है।

Share This Article