गृह रक्षक भर्ती परीक्षा में 888 में से 587 अभ्यर्थी शामिल, 199 ने दौड़ में पाई सफलता

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

गृह रक्षक भर्ती परीक्षा में 888 में से 587 अभ्यर्थी शामिल, 199 ने दौड़ में पाई सफलता

सरायकेला, 17 मार्च : जिले में गृह रक्षक नव नामांकन के तहत आयोजित शारीरिक दक्षता सह लिखित परीक्षा मंगलवार को बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में संपन्न हुई। इस चरण में कुकड़ू प्रखंड के अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जहां पूरी प्रक्रिया को सुव्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से आयोजित किया गया।

परीक्षा में कुल 888 अभ्यर्थियों को शामिल होना था, जिनमें से 587 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। उपस्थित अभ्यर्थियों में 401 पुरुष एवं 186 महिला अभ्यर्थी शामिल रहे, जबकि 301 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। शारीरिक दक्षता परीक्षा के अंतर्गत आयोजित दौड़ में कुल 199 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए, जिनमें 42 पुरुष एवं 157 महिला अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की।

इस दौरान उपायुक्त नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने शारीरिक परीक्षा स्थल एवं लिखित परीक्षा केंद्र का जायजा लेते हुए व्यवस्थाओं की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सभी अभ्यर्थियों के साथ सहयोगात्मक एवं संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने तथा परीक्षा प्रक्रिया को समयबद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से संचालित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अभ्यर्थियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पेयजल, शौचालय, पंडाल सहित अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने पर जोर दिया।

वहीं पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए तैनात पुलिस बल को सतर्क रहने और परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

पूरे परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और निगरानी व्यवस्था भी सुदृढ़ रही, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सकी। इस अवसर पर प्रशासन एवं पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article