छठ महापर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीसी-एसएसपी ने प्रमुख घाटों का किया निरीक्षण, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

डिमना लेक, दोमुहानी, स्वर्णरेखा और बागबेड़ा घाट का लिया जायजा, गोताखोरों से लेकर एंबुलेंस तक की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा

 

जमशेदपुर, 12 नवंबर : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गुरुवार को जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने शहरी क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने डिमना लेक, दोमुहानी घाट, स्वर्णरेखा घाट और बागबेड़ा घाट पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों की साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा चेंजिंग रूम की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को सुगम बनाने, पर्याप्त बैरिकेडिंग करने तथा महिलाओं और बुजुर्गों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने को कहा।

सुरक्षा के मद्देनजर उपायुक्त ने गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां मजबूत बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेतक लगाने का निर्देश दिया। खतरनाक स्थलों पर श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक लगाने के साथ प्रमुख घाटों पर पर्याप्त संख्या में गोताखोर, प्रशिक्षित बचाव दल, नाव और लाइफ जैकेट उपलब्ध रखने को कहा। इसके अलावा चिकित्सा दल, एंबुलेंस और नियंत्रण कक्ष के माध्यम से लगातार निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा जरूरत के अनुसार पुलिस और यातायात कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करने को कहा। प्रमुख घाटों पर सीसीटीवी कैमरों एवं अन्य माध्यमों से निगरानी रखने का भी निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों और नगर निकायों को आपसी समन्वय के साथ छठ पर्व से पूर्व सभी तैयारियां पूरी करने को कहा, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल में भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सकें।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त, अपर उपायुक्त, मानगो नगर निगम के अपर नगर आयुक्त, जेएनएसी के उप नगर आयुक्त, पथ निर्माण एवं विद्युत विभाग के पदाधिकारी, जुस्को के प्रतिनिधि, संबंधित अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share This Article