मरीजों को रेफर किए जाने की शिकायत पर सदर अस्पताल पहुंचे नगर पंचायत अध्यक्ष, प्रसूता को बेहतर इलाज दिलाने में की पहल

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चिकित्सकों के कार्यों की सराहना के साथ दी चेतावनी, कहा- बिना उचित कारण मरीजों को रेफर करना बर्दाश्त नहीं

 

सरायकेला, 12 नवंबर : सदर अस्पताल में मरीजों को समुचित इलाज उपलब्ध कराने के बजाय दूसरे अस्पतालों में रेफर किए जाने की लगातार मिल रही शिकायतों को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी एक बार फिर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था का जायजा लिया और मरीजों व उनके परिजनों से मिलकर इलाज से संबंधित समस्याओं की जानकारी ली।

इस दौरान सामान्य प्रसव के बाद एक प्रसूता महिला को दूसरे अस्पताल में रेफर किए जाने की स्थिति सामने आई। मामले की जानकारी मिलने पर नगर पंचायत अध्यक्ष ने तत्काल पहल करते हुए परिजनों को हरसंभव सहयोग दिया। उन्होंने मेडिकल टीम के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक लैब जांच और ब्लड की उपलब्धता सुनिश्चित कराने में मदद की, ताकि प्रसूता का सदर अस्पताल में ही समुचित उपचार हो सके।

इसके बाद उन्होंने इनडोर वार्ड में भर्ती अन्य मरीजों से भी मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य, उपचार तथा अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक के व्यवहार और मरीजों के उपचार पर संतोष जताते हुए चिकित्सकीय टीम की सराहना की।

नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि क्षेत्रवासियों की सेवा के लिए वे 24 घंटे उपलब्ध हैं। चिकित्सा जैसी संवेदनशील सेवा में चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी अपनी जिम्मेदारियों से पीछे नहीं हट सकते। बिना उचित कारण मरीजों को रेफर करना या अपनी जिम्मेदारी से बचना किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकीय टीम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल में बेहतर चिकित्सा व्यवस्था, मरीजों के अधिकारों की रक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा।

Share This Article