झारखंड आंदोलनकारियों के हक-अधिकार के लिए अनिश्चितकालीन धरना, तीन आंदोलनकारी आमरण अनशन पर बैठे

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

 

1932 खतियान आधारित स्थानीय नीति लागू करने, 20 हजार रुपये सम्मान राशि और आश्रितों को सरकारी नौकरी देने की मांग – पूर्व विधायक मंगल सिंह बोबोंगा के नेतृत्व में शुरू हुआ आंदोलन

 

जमशेदपुर, 12 नवंबर : झारखंड राज्य निर्माण के 26 वर्ष बाद भी झारखंड आंदोलनकारियों को उनका उचित हक और सम्मान नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए आंदोलनकारियों ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। झारखंड आंदोलनकारी धनपति सरदार एवं पूर्व विधायक मंगल सिंह बोबोंगा के नेतृत्व में पुराना उपायुक्त कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया गया। वहीं, अपनी मांगों को लेकर तीन आंदोलनकारी अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठ गए हैं।

इस दौरान पूर्व विधायक मंगल सिंह बोबोंगा ने कहा कि झारखंड अलग राज्य के निर्माण के लिए सैकड़ों लोगों ने अपने सीने पर गोलियां खाईं। कई लोगों के घरों की कुर्की हुई, तो अनेक महिलाओं को विधवा होना पड़ा। आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान के परिणामस्वरूप झारखंड अलग राज्य बना, लेकिन दुर्भाग्य है कि राज्य गठन के 26 वर्ष बाद भी स्थानीय नीति और नियोजन नीति का ठोस समाधान नहीं हो पाया है।

वहीं, धनपति सरदार ने कहा कि आज झारखंड आंदोलनकारियों को अपनी ही सरकार में उपेक्षा का सामना करना पड़ रहा है। आंदोलनकारियों के लिए सम्मानजनक पेंशन की व्यवस्था नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई ऐसे लोग भी गलत तरीके से झारखंड आंदोलनकारी का पेंशन प्राप्त कर रहे हैं, जो कभी आंदोलन के दौरान जेल तक नहीं गए। ऐसे मामलों की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए, ताकि वास्तविक आंदोलनकारियों की पहचान सुनिश्चित हो सके।

आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगें

आंदोलनकारियों ने झारखंड में 1932 के खतियान आधारित स्थानीय नीति लागू करने, झारखंड आंदोलनकारियों को न्यूनतम 20 हजार रुपये मासिक सम्मान राशि देने तथा उनके आश्रितों को तृतीय और चतुर्थ वर्ग की सरकारी नौकरियों में सीधी नियुक्ति देने की मांग की है। इसके अलावा झारखंड आंदोलनकारी चिन्हितीकरण आयोग का पुनर्गठन कर वास्तविक आंदोलनकारियों की पहचान सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई है।

मांगों को पूरा कराने के लिए धनपति सरदार, अजीत साव और बिरसा सेना के केंद्रीय अध्यक्ष दिनकर कच्छप अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठ गए हैं। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी जायज मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

इस मौके पर आसमान सुंडी, सुखलाल माझी, जिला परिषद सदस्य माधव चंद्र कुंकल, रेयांश समड, दुखी राम मार्डी, सोना राम सोरेन, सुखलाल हेम्ब्रम, सारथी मुर्मू, सिंगराय मार्डी, हरिचरण पाडेया, लखींद्र पूर्ति, डेविड सिंह, बाया सरदार, राधा महतो, गणेश मुर्मू, राजेश मुंडरी, एमपी सरदार, जगदीश बिरुवा एवं तुरी सुंडी सहित कई आंदोलनकारी उपस्थित थे।

Share This Article