दीपावली से पहले चालू हो सकता है जामडीह फ्लाईओवर, चांडिल-पुुरुलिया मार्ग पर सफर होगा आसान

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

एक लेन का निर्माण पूरा, कालीकरण के बाद सुरक्षा संकेतों और रंग-रोगन का काम अंतिम चरण में

नीमडीह, 23 अक्टूबर : चांडिल-पुुरुलिया नए बाईपास मार्ग पर नीमडीह प्रखंड के जामडीह में नवनिर्मित रेलवे फ्लाईओवर जल्द ही आम यात्रियों के लिए चालू हो सकता है। फ्लाईओवर के एक लेन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारी इसे दीपावली से पहले चालू करने के प्रयास में जुटे हैं। हालांकि, इसे 15 अक्टूबर तक चालू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा में परिचालन शुरू नहीं हो सका।

फिलहाल फ्लाईओवर पर कालीकरण का काम पूरा हो चुका है। सुरक्षा संकेतों को उकेरने, पेंटिंग और रंग-रोगन का कार्य अंतिम चरण में है। इन कार्यों के पूरा होने के बाद फ्लाईओवर को यातायात के लिए खोलने की दिशा में आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

पितकी फ्लाईओवर चालू होने से मिली राहत

गौरतलब है कि चांडिल-पुुरुलिया मार्ग पर पितकी रेलवे फ्लाईओवर का एक लेन पहले ही चालू किया जा चुका है। इस मार्ग पर पितकी रेलवे फाटक यात्रियों के लिए लंबे समय से परेशानी का कारण बना हुआ था। फ्लाईओवर का एक लेन चालू होने से लोगों को जाम और रेलवे फाटक पर लगने वाले इंतजार से काफी राहत मिली है।

जामडीह फ्लाईओवर चालू होने से सफर होगा सुगम

अब जामडीह फ्लाईओवर के चालू होने का भी लोगों को बेसब्री से इंतजार है। इसके शुरू होने से चांडिल से पुरुलिया के बीच आवागमन और सुगम होने की उम्मीद है। खासकर नियमित रूप से इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों और यात्रियों को राहत मिलेगी। पितकी और जामडीह में फ्लाईओवर की सुविधा मिलने से चांडिल-पुुरुलिया मार्ग पर यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक हो सकेगी।

Share This Article