झिमड़ी में ऐतिहासिक रावण दहन, उमड़ी हजारों की भीड़ : हरेलाल महतो ने किया सांस्कृतिक कार्यक्रम का उद्घाटन, बोले— मेरे भविष्य की चिंता भी मेरे विरोधी ही कर रहे
नीमडीह, 23 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड अंतर्गत झिमड़ी के सोना डूंगरी मैदान में शुक्रवार को ऐतिहासिक रावण दहन सह सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। न्यू आदर्श बॉयज क्लब, झिमड़ी के तत्वावधान में आयोजित मेले में आसपास के गांवों से हजारों की संख्या में ग्रामीण जुटे। कार्यक्रम में भाजपा नेता हरेलाल महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और झूमर संगीत कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।
इससे पूर्व हरेलाल महतो समेत अन्य अतिथियों ने शहीद रघुनाथ महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री डॉ. भूषण मुर्मू, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष मनोरंजन महतो, जिला महामंत्री आकाश महतो, भाजपा नेता प्रो. रविशंकर मौर्या, झिमड़ी की मुखिया सरस्वती सिंह मुंडा, उपमुखिया विजय महतो, पंचायत समिति सदस्य पद्मलोचन महतो सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
अपने भीतर के अहंकार को त्यागना जरूरी : हरेलाल महतो
सभा को संबोधित करते हुए हरेलाल महतो ने कहा कि विजयादशमी के अवसर पर जगह-जगह रावण दहन किया जाता है, लेकिन कुछ लोग रावण दहन करके स्वयं को ही प्रभु श्रीराम समझने लगते हैं। यह उनकी बड़ी भूल है। हम सभी इंसान हैं और प्रभु श्रीराम के चरणों की धूल के बराबर भी नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि समाज में छिपे रावण को पहचानना जरूरी है, लेकिन उससे पहले अपने भीतर के अहंकार को त्यागना सबसे महत्वपूर्ण है। जब अहंकार मनुष्य के मस्तिष्क पर हावी हो जाता है, तो वह स्वयं का सही आकलन नहीं कर पाता। यही अहंकार मनुष्य के भीतर रावण जैसा चरित्र पैदा करता है।
हरेलाल महतो ने कहा कि यदि हम प्रभु श्रीराम के जीवन मूल्यों को आत्मसात कर लें, तो किसी रावण को मारने की जरूरत नहीं पड़ेगी, बल्कि बुराई और अधर्म अपने आप समाप्त होने लगेगी।
हार-जीत से परे जनता की सेवा का संकल्प
राजनीतिक भविष्य को लेकर उन्होंने कहा कि हरेलाल महतो चुनाव हारे या जीते और उनका राजनीतिक भविष्य क्या होगा, इसकी चिंता विरोधियों को उनसे ज्यादा रहती है। उन्होंने ग्रामीणों से दूसरों की बातों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा कि जब तक वह जीवित रहेंगे, इस माटी के सम्मान के लिए लड़ते रहेंगे और गरीब व दुखी परिवारों की सेवा में दिन-रात जुटे रहेंगे।
इस अवसर पर भाजपा के नीमडीह के पूर्व मंडल अध्यक्ष नारायण गोप, कुकड़ू के पूर्व मंडल अध्यक्ष भरत महतो, भाजपा नेत्री अन्नपूर्णा महतो, ग्राम प्रधान अश्विनी महतो, भरत गोप, खगेन्द्र नाथ महतो, सुलोचना प्रमाणिक, सीमंत महतो, महेंद्र महतो, राजीव नायक तथा मेला समिति के अध्यक्ष गणेश चंद्र महतो सहित कृष्ण पद महतो, आदित्य महतो, संतोष महतो, शिवचरण महतो, भगत सिंह, आस्तिक मुड़ी, बलराम महतो, लखिन्दर रुहिदास, राजीव महतो, गुरुपद महतो समेत अनेक लोग मौजूद थे।



