जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई का निर्देश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई का निर्देश

जमशेदपुर, 23 अक्टूबर : पूर्वी सिंहभूम जिला समाहरणालय में शुक्रवार को आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने जमीन विवाद, सरकारी भूमि पर अतिक्रमण, विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की कमी, राशन कार्ड, पेंशन, आवासीय प्रमाण पत्र तथा सेवानिवृत्ति से जुड़े मामलों को लेकर उपायुक्त के समक्ष आवेदन सौंपे। उपायुक्त ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को शिकायतों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान कई नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा। कुछ लोगों ने जमीन विवाद और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत की, तो कुछ ने दबंगों द्वारा प्रताड़ित किए जाने की समस्या से अवगत कराया। वहीं, विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता, आवासीय प्रमाण पत्र जारी करने, राशन कार्ड एवं पेंशन से संबंधित मामलों को भी उठाया गया। इसके अलावा सेवानिवृत्त कर्मियों के सेटलमेंट से जुड़े आवेदन भी प्राप्त हुए।

उपायुक्त राजीव रंजन ने आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में स्थल निरीक्षण या दस्तावेजों के सत्यापन की आवश्यकता है, उनमें निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर उचित कार्रवाई की जाए।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जन शिकायतों के निष्पादन में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक आवेदन की गंभीरता से जांच करते हुए समयबद्ध तरीके से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

उपायुक्त ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। जन शिकायत निवारण दिवस नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर प्रदान करता है। इसका उद्देश्य प्राप्त शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए लोगों को राहत पहुंचाना है।

Share This Article