फ्रीडम मॉल के झोले ने खोला चोरी के जेवर का राज, गुलगुलिया बस्ती में छापेमारी से पुलिस के हाथ लगा बड़ा सुराग
44 पीस चांदी और सिटी गोल्ड के आभूषण समेत पांच मोबाइल बरामद, 22 वर्षीय महिला गिरफ्तार
सरायकेला, 30 अगस्त : सरायकेला-खरसावां जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में आमदा ओपी पुलिस ने गुलगुलिया बस्ती में छापेमारी कर चोरी के लाखों रुपये के आभूषण और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने मामले में एक 22 वर्षीय महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, एसपी सरायकेला के निर्देश पर चोरी की घटनाओं के खिलाफ विशेष टीम गठित की गई थी। एसडीपीओ सरायकेला और पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में टीम ने शनिवार को आमदा ओपी क्षेत्र के गुलगुलिया बस्ती में अरुण मोदी उर्फ बीफे मोदी के घर पर छापेमारी की।
टीन के बक्से के पीछे मिला पीला झोला
तलाशी के दौरान पुलिस को टीन के बक्से के पीछे जमीन पर रखा एक पीले रंग का झोला मिला। झोले पर ‘फ्रीडम मॉल’ लिखा हुआ था। पुलिस ने जब झोले की तलाशी ली तो उसके अंदर कपड़े की पोटली में प्लास्टिक से लपेटकर रखे गए चांदी जैसे और सोना जैसे आभूषण बरामद हुए।
इसके अलावा घर में रखे दो बक्सों की तलाशी के दौरान पांच टच स्क्रीन मोबाइल फोन भी मिले। पुलिस के मुताबिक बरामद आभूषण और मोबाइल फोन के संबंध में परिवार की ओर से कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
पूछताछ में महिला ने चोरी की बात कबूली
पुलिस ने मौके से तुयू मोदी उर्फ दुर्गा श्री मोदी, पति अरुण मोदी, निवासी गुलगुलिया बस्ती, आमदा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान महिला ने अलग-अलग स्थानों से सामान चोरी करने की बात स्वीकार की।
इसके बाद खरसावां थाना में कांड संख्या 41/26 के तहत BNS की धारा 317(2), 317(4) और 317(5) में मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तार महिला को न्यायिक प्रक्रिया के बाद जेल भेज दिया गया।
44 पीस आभूषण और पांच मोबाइल जब्त
पुलिस ने कुल 44 पीस आभूषण बरामद किए हैं। इनमें 10 जोड़ी चांदी की पायल, तीन चेन, पांच बच्चे के बेरा, पांच अंगूठियां, पांच ताबीज सहित अन्य चांदी के आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा सिटी गोल्ड के 12 पीस हार, चेन, पंजा और कड़ा भी बरामद किया गया है।
मोबाइल फोन में VIVO के चार और ITEL का एक फोन शामिल है। पुलिस ने बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई है।
इन पुलिसकर्मियों ने की छापेमारी
छापेमारी दल में आमदा ओपी प्रभारी राम रेखा पासवान, योगेश रजक, रोपना राम कांशी, आरक्षी राजेन्द्र नाथ किस्कु और विश्वनाथ ठाकुर शामिल थे।
पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में चोरी की घटनाओं के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। बरामद आभूषण और मोबाइल फोन किन-किन घटनाओं से जुड़े हैं, इसे लेकर पुलिस आगे की जांच में जुटी है।




