कपाली में ASDD की अंतिम सूची प्रकाशित, झामुमो ने मतदाताओं से 23 जुलाई तक फॉर्म जमा करने की अपील
चांडिल, 22 जुलाई : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कपाली नगर परिषद क्षेत्र के सभी 24 मतदान केंद्रों पर मंगलवार को बीएलओ द्वारा ASDD (फाइनल) सूची का प्रकाशन किया गया। इस दौरान सूची के अवलोकन के लिए बीएलए-2 तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया।
प्रकाशन प्रक्रिया के दौरान चांडिल के अनुमंडल पदाधिकारी नितिन शुभम गुप्ता और कपाली नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी गोपी किशन ने झामुमो के जिला एवं नगर स्तर के नेताओं तथा बीएलए-2 के साथ सभी 24 बूथों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित मतदान केंद्रों पर आयोजित बैठकों में भी भाग लिया और निर्वाचन प्रक्रिया का जायजा लिया।
इस अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेताओं ने क्षेत्र के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि जिन लोगों के पास अभी भी इन्यूमरेशन (Enumeration) फॉर्म उपलब्ध है, वे उसे हर हाल में 23 जुलाई तक भरकर अपने संबंधित बीएलओ के पास जमा कर दें। उन्होंने कहा कि समय पर फॉर्म जमा होने से मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हो सकेगी और पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल किया जा सकेगा।
कार्यक्रम में झामुमो के जिला उपाध्यक्ष शेख फरीद, संगठन सचिव गालिब सईद खान, अल्पसंख्यक उपाध्यक्ष मोहम्मद नौशाद, कपाली नगर अध्यक्ष सैय्यद सलाउद्दीन, वार्ड पार्षद इनामुल हक अंसारी, वरिष्ठ नेता इकबाल अहमद, युवा नेता अरमान अली, लाल भाई सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता एवं बीएलए-2 उपस्थित रहे।