बामनी मेले में उमड़ा आस्था और उल्लास का सैलाब, गीत-संगीत पर झूमे लोग

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

राकेश वर्मा ने किया सांस्कृतिक कार्यक्रम का उद्घाटन, ग्रामीण परंपरा और मनोरंजन का दिखा अनूठा संगम

नीमडीह, 21 अक्टूबर : विजयादशमी के अवसर पर नीमडीह प्रखंड के बामनी में आयोजित मेले में बुधवार को लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। मां दुर्गा के प्रति आस्था, ग्रामीण परंपरा और सांस्कृतिक उल्लास से सजे इस आयोजन में उत्सव का रंग देखते ही बना। मेले में पहुंचे लोगों ने जहां पर्व का आनंद लिया, वहीं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गीत-संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन ‘सेवा ही संकल्प’ के संस्थापक एवं समाजसेवी राकेश वर्मा ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा से सभी भक्तों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा आदि शक्ति का स्वरूप हैं। उनकी कृपा सभी भक्तों पर सदैव बनी रहे और समस्त जीव-जगत खुशहाल रहे, यही उनकी प्रार्थना है। उन्होंने विजयादशमी के अवसर पर क्षेत्रवासियों के मंगलमय जीवन की कामना भी की।

पूर्वजों की परंपरा को आगे बढ़ा रहा बामनी का आयोजन

मेले के आयोजनकर्ता जिला परिषद सदस्य असित सिंह पात्र ने कहा कि उनके पूर्वजों के समय से ही गांव में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की परंपरा चली आ रही है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में मनोरंजन के सीमित साधनों को देखते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, ताकि लोग एक साथ मिलकर पर्व का आनंद उठा सकें।

कलाकारों की प्रस्तुतियों पर झूमे दर्शक

सांस्कृतिक कार्यक्रम में पुरुलिया और रांची सहित विभिन्न स्थानों से पहुंचे कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। गीत-संगीत और नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर तक बांधे रखा। कार्यक्रम के दौरान तालियों की गूंज और दर्शकों का उत्साह मेले की रौनक बढ़ाता रहा।

बामनी का यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ ग्रामीण संस्कृति और सामुदायिक मेलजोल का भी प्रतीक बना। विजयादशमी के मौके पर मेले में जुटी भीड़ ने एक बार फिर गांव की पारंपरिक उत्सवधर्मिता और सांस्कृतिक आयोजनों के प्रति लोगों के जुड़ाव को प्रदर्शित किया।

Share This Article