
सुरक्षा बैरिकेडिंग, गोताखोर, मेडिकल टीम और अग्निशमन वाहन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश, पूजा समितियों से शांतिपूर्ण विसर्जन की अपील
आदित्यपुर, 21 अक्टूबर : दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन अलर्ट है। बुधवार को सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह ने आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न विसर्जन घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने और विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने सभी प्रमुख विसर्जन घाटों पर पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती, समुचित प्रकाश व्यवस्था और घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों को सुरक्षित एवं सुगम बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने सुरक्षा बैरिकेडिंग के जरिए सुरक्षित सीमा निर्धारित करने तथा लोगों को उसके आगे पानी में जाने से रोकने पर विशेष जोर दिया। इसके अलावा घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और निगरानी व्यवस्था मजबूत रखने को कहा।
आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी प्रमुख घाटों पर मेडिकल टीम, एंबुलेंस और अग्निशमन वाहन उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने विसर्जन स्थलों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा। वहीं, विसर्जन मार्गों पर पुलिस गश्ती बढ़ाने के साथ भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने का निर्देश दिया।
घाटों पर साफ-सफाई, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त एजाज अनवर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।
पूजा समितियों से सौहार्द बनाए रखने की अपील
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सभी पूजा समितियों से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में प्रतिमा विसर्जन संपन्न कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि विसर्जन के दौरान ऐसे गीत-संगीत या आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग नहीं किया जाए, जिससे किसी धर्म, समुदाय या धार्मिक भावना को ठेस पहुंचे। उन्होंने सामाजिक समरसता और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।