बामनी जुड़िया उफान पर, कभी भी डूब सकता है चांडिल डैम रोड का बामनी पुल

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

बामनी जुड़िया उफान पर, कभी भी डूब सकता है चांडिल डैम रोड का बामनी पुल

चांडिल, 01 सितंबर : लगातार हो रही बारिश के कारण सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में नदी-नाले उफान पर हैं। ग्रामीण इलाकों में जलाशय, नदी और नाले लबालब भर गए हैं, वहीं कई आवागमन मार्गों पर भी जलजमाव की स्थिति बन गई है।

चांडिल की महत्वपूर्ण बामनी जुड़िया (नाला) भी इन दिनों उफान पर है। नाले में भारी मात्रा में पानी बह रहा है और तेज बहाव के कारण सामान्य दिखने वाला यह नाला अब नदी का रूप ले चुका है।

चांडिल डैम रोड स्थित बामनी नाला पुल के करीब से पानी बह रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि मंगलवार रात भी भारी बारिश जारी रही तो पानी पुल के ऊपर से बहने की स्थिति बन सकती है। ऐसे में इस महत्वपूर्ण मार्ग पर आवागमन बाधित होने की आशंका है। हालांकि, पुल डूबने की स्थिति में वैकल्पिक मार्ग भी उपलब्ध है।

जर्जर हालत में है बामनी नाला पुल

चांडिल डैम रोड स्थित बामनी नाला का पुल लंबे समय से जर्जर अवस्था में है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी बारिश के दौरान अक्सर पानी पुल के ऊपर से बहने लगता है। पुल की स्थिति को देखते हुए ग्रामीण कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से नए पुल के निर्माण की मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस पहल नहीं हुई है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बारिश के दौरान पुल की स्थिति पर नजर रखने और स्थायी समाधान के लिए नए पुल के निर्माण की मांग की है।

Share This Article