सरायकेला, 22 अप्रैल : जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय अनुकंपा समिति की बैठक में 10 मामलों में अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति की अनुशंसा करने का निर्णय लिया गया। बैठक उपायुक्त कार्यालय कक्ष में संपन्न हुई, जिसमें कुल 26 आवेदनों पर विचार किया गया। बैठक के दौरान समिति के सदस्यों ने सभी आवेदनों की क्रमवार समीक्षा की। विभागीय प्रावधानों और दिशा-निर्देशों के अनुरूप विचार-विमर्श के बाद 10 पात्र मामलों को सर्वसम्मति से नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया गया। वहीं, शेष आवेदनों में आवश्यक दस्तावेजों और प्रमाण-पत्रों की कमी या तकनीकी त्रुटियां पाई गईं। इन मामलों को आवश्यक सुधार के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया है। साथ ही निर्देश दिया गया है कि त्रुटियों का शीघ्र निराकरण कर आवेदनों को पुनः समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाए, ताकि दिवंगत कर्मियों के आश्रितों को नियमानुसार जल्द लाभ मिल सके। बैठक में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश, जिला कोषागार पदाधिकारी अपर्णा सिंह, जिला परिवहन पदाधिकारी-सह-स्थापना उपहर्ता शाखा गिरिजा शंकर महतो सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अनुकंपा नियुक्ति से जुड़े मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि जरूरतमंद परिवारों को समय पर राहत मिल सके।