अवैध खनन पर प्रशासन सख्त, 105 टन खनिज जब्त – 21.41 लाख रुपये जुर्माना वसूला
जमशेदपुर, 22 अगस्त : पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन और भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई।
बैठक में पिछले एक माह के दौरान की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान करीब 67 टन बालू और 38 टन पत्थर, यानी कुल लगभग 105 टन खनिज जब्त किए गए। वहीं, अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त 7 वाहनों को जब्त करते हुए 21 लाख 41 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अवैध खनन और खनिजों के अनधिकृत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई में किसी तरह की शिथिलता नहीं बरती जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक में अवैध खनन, ईंट भट्ठों, प्रदूषण और इको-सेंसिटिव जोन में अवैध उत्खनन से जुड़ी शिकायतों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने शिकायतों पर स्थल निरीक्षण कर तथ्यों की जांच और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण जनहित और पर्यावरणीय संतुलन से जुड़ा विषय है। इसलिए जिले में खनन गतिविधियों का संचालन निर्धारित नियमों और वैधानिक प्रावधानों के अनुरूप ही होना चाहिए। बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब, डीएफओ सबा आलम अंसारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




