पुलिस सुरक्षा में फिर शुरू हुई पंचायत भवन निर्माण की कवायद, लंबे विवाद के बाद प्रशासन ने संभाली कमान
जमशेदपुर, 11 जून : परसुडीह थाना क्षेत्र के पश्चिम हलुदबनी पंचायत में प्रस्तावित पंचायत भवन निर्माण को लेकर लंबे समय से जारी विवाद के बीच प्रशासन ने एक बार फिर निर्माण कार्य शुरू कराने की पहल तेज कर दी है। ग्रामीणों के विरोध के कारण शिलान्यास के बाद भी वर्षों से निर्माण कार्य ठप पड़ा था, लेकिन गुरुवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में निर्माण स्थल पहुंचकर कार्य को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू कराई।
प्रशासन की ओर से अंचल अधिकारी मनोज कुमार एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी सुमित कुमार सुरक्षा कर्मियों और पुलिस बल के साथ निर्माण स्थल पहुंचे। अधिकारियों की निगरानी में जेसीबी मशीन लगाकर स्थल की साफ-सफाई कराई गई तथा भूमि को समतल किया गया, ताकि पंचायत भवन निर्माण के लिए आवश्यक आधारभूत तैयारियां पूरी की जा सकें।
ज्ञात हो कि पंचायत भवन निर्माण के लिए चयनित स्थल को लेकर ग्रामीणों का एक वर्ग लगातार विरोध करता रहा है। कई बार विरोध-प्रदर्शन और आंदोलन के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका था। ऐसे में प्रशासन की यह कार्रवाई लंबे समय से अटके विकास कार्य को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
निर्माण स्थल पर किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे और पूरे घटनाक्रम पर प्रशासनिक अधिकारियों की नजर बनी रही।
मौके पर पंचायत की मुखिया सुमन सिरका, ब्लॉक प्रमुख पानी सोरेन, ग्राम प्रधान सागेन हांसदा, आरती करवा सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।
प्रशासन को उम्मीद है कि सभी पक्षों के सहयोग से पंचायत भवन निर्माण कार्य अब जल्द शुरू होकर निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जा सकेगा। हालांकि लंबे समय से चले आ रहे विवाद को देखते हुए लोगों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि निर्माण कार्य आगे भी बिना किसी बाधा के जारी रह पाता है या नहीं।