राजस्व बढ़ाने पर जोर – एडीसी ने दिए लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

आंतरिक संसाधन समीक्षा बैठक में विज्ञापन, परिवहन, खनन और बिजली विभाग को टास्क

सरायकेला, 11 जून : समाहरणालय सभागार में बुधवार को अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार की अध्यक्षता में आंतरिक संसाधन समीक्षा बैठक हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए तय राजस्व संग्रहण लक्ष्यों और विभिन्न विभागों की कार्रवाई की समीक्षा की गई।

एडीसी ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रहण सुनिश्चित करें और नए राजस्व स्रोत तलाशें। उन्होंने कहा कि राजस्व बढ़ाना विकास कार्यों के लिए जरूरी है, इसलिए सभी विभाग समन्वय बनाकर ठोस कार्ययोजना से काम करें।

उन्होंने विभागवार निर्देश दिया है, जिसमें नगर निकाय में विज्ञापन का दायरा बढ़ाने, स्थलों का चिन्हांकन कर विज्ञापन शुल्क से राजस्व बढ़ाने और अन्य स्रोतों की पहचान करने को कहा गया। वहीं, परिवहन विभाग की समीक्षा में अवैध पार्किंग पर नियमित अभियान, वाहन जांच, सड़क सुरक्षा जागरूकता और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई का निर्देश दिया है।

एडीसी ने उत्पाद विभाग की समीक्षा में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर सघन अभियान चलाने और लाइसेंसी दुकानों का औचक निरीक्षण कर तय दर पर बिक्री सुनिश्चित करने को कहा गया।
विद्युत विभाग को बकाया वसूली अभियान तेज करने, घरेलू उपभोक्ताओं को वैध कनेक्शन के लिए प्रेरित करने और उद्योगों में बिजली चोरी पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
खनन विभाग को अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर निगरानी बढ़ाने और विधिसम्मत खनन को बढ़ावा देने को कहा गया।

एडीसी ने सभी विभागों से लंबित मामलों का तेजी से निष्पादन, कर-शुल्क संग्रहण की मासिक समीक्षा और लक्ष्य प्राप्ति के लिए कार्ययोजना बनाने को कहा। उन्होंने राजस्व संग्रहण और प्रवर्तन कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता पर जोर दिया।

बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article