जंगली हाथियों का कहर : वृद्ध महिला को पटककर मार डाला, घर भी किया ध्वस्त – ईचागढ़ में दहशत का माहौल
ईचागढ़, 12 जून : सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार देर रात लावा गांव के टोला वनडीह गांव में हाथी के हमले में एक वृद्ध महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, वनडीह निवासी 60 वर्षीय चंपा सिंह मुंडा रात के समय अपने घर से बाहर निकली थीं। इसी दौरान क्षेत्र में घूम रहे एक जंगली हाथी की नजर उन पर पड़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाथी ने उन्हें अपनी सूंड से पकड़कर कई बार पटक दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद हाथी ने उनके घर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से हाथियों का झुंड लगातार गांवों के आसपास विचरण कर रहा है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है। रात होते ही ग्रामीण घरों में दुबकने को मजबूर हैं और खेतों तथा गांव की गलियों में निकलने से डर रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के वनरक्षी कैलाश महतो तथा ईचागढ़ पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और शुक्रवार को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया।
वन विभाग ने तत्काल राहत के रूप में मृतका की पुत्री मालती सिंह मुंडा को 50 हजार रुपये की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सरकार की निर्धारित व्यवस्था के तहत लगभग साढ़े तीन लाख रुपये की अतिरिक्त मुआवजा राशि भी दी जाएगी।
इस घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने तथा प्रभावित गांवों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के लगातार बढ़ते उत्पात के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है और कभी भी बड़ी घटना घट सकती है।
फिलहाल वन विभाग की टीम क्षेत्र में हाथियों की निगरानी कर रही है तथा ग्रामीणों से रात के समय सतर्क रहने की अपील की गई है।