भीषण गर्मी में ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों को मिली राहत, एसपी ने वितरित किए कूलिंग जैकेट और अन्य उपकरण

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सरायकेला, 12 जून : भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे पुलिसकर्मियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सरायकेला-खरसावां पुलिस प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी द्वारा जिले के यातायात थाना में प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं आरक्षियों को गर्मी से राहत प्रदान करने के उद्देश्य से कूलिंग जैकेट वितरित किए गए।

जानकारी के अनुसार, जिले के विभिन्न महत्वपूर्ण यातायात पोस्टों पर तैनात तीन पुलिस पदाधिकारियों और तीन आरक्षियों को कुल छह कूलिंग जैकेट प्रदान किए गए। इन पुलिसकर्मियों को प्रतिदिन कड़ी धूप और अत्यधिक तापमान के बीच लंबे समय तक ड्यूटी करनी पड़ती है, जिससे उन्हें काफी शारीरिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। कूलिंग जैकेट उनके लिए राहत का माध्यम साबित होंगे।

इसके अलावा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना, ओपी, कार्यालयों एवं पुलिस केंद्रों में तैनात पुलिसकर्मियों के लिए भी गर्मी से बचाव के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। इस क्रम में 26 सीलिंग फैन, 45 स्टैंड फैन, 7 कूलर तथा 2 वॉल फैन का वितरण किया गया है, ताकि पुलिसकर्मियों को कार्यस्थल पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिसकर्मियों का कल्याण और उनकी कार्य परिस्थितियों में सुधार प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी पुलिस बल के जवानों और अधिकारियों की समस्याओं के समाधान तथा उनके कल्याण के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।

इस पहल को पुलिसकर्मियों के मनोबल और कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

Share This Article