अतिवृष्टि से हल्दीपोखर में करीब एक दर्जन घर क्षतिग्रस्त, तीन जमींदोज; प्रभावित परिवारों को तिरपाल से मिली तत्काल राहत

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

अतिवृष्टि से हल्दीपोखर में करीब एक दर्जन घर क्षतिग्रस्त, तीन जमींदोज; प्रभावित परिवारों को तिरपाल से मिली तत्काल राहत

पोटका, 19 अगस्त : पोटका प्रखंड के हल्दीपोखर क्षेत्र में पिछले 24 घंटे से हो रही लगातार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। अतिवृष्टि के कारण क्षेत्र में करीब एक दर्जन घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इनमें तीन घर पूरी तरह जमींदोज हो गए, जिससे प्रभावित परिवारों के सामने रहने का संकट उत्पन्न हो गया है।

बारिश से घरों को हुए नुकसान की जानकारी मिलने के बाद पोटका की अंचलाधिकारी निकिता बाला ने तत्काल संज्ञान लेते हुए क्षति का आकलन कराने का निर्देश दिया। सीओ के निर्देश पर राजस्व कर्मचारी लिट्टा मारडी एवं ग्राम सेवक जगतपति मंडल की उपस्थिति में प्रभावित परिवारों के बीच तत्काल राहत के तौर पर तिरपाल उपलब्ध कराया गया, ताकि बारिश के दौरान उन्हें अस्थायी रूप से सिर छिपाने की सुविधा मिल सके।

इधर, प्रशासन की ओर से क्षतिग्रस्त मकानों की रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रभावित परिवारों के घरों में हुई क्षति का जायजा लेकर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

सीओ निकिता बाला ने बताया कि अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त हुए सभी घरों का विस्तृत आकलन कर रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित परिवारों को सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्रशासन की ओर से फिलहाल प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

Share This Article