

अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही स्वर्णरेखा और खरकई नदी, हाई अलर्ट
जमशेदपुर/सरायकेला, 19 अगस्त : लगातार हो रही भारी बारिश के कारण स्वर्णरेखा और खरकई नदी उफान पर हैं। मंगलवार शाम से दोनों नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है और बुधवार दोपहर बाद भी दोनों नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। जिला प्रशासन की ओर से दोपहर दो बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर 121.82 मीटर दर्ज किया गया, जो 121.50 मीटर के खतरे के निशान से 32 सेंटीमीटर ऊपर है। वहीं खरकई नदी का जलस्तर 131 मीटर दर्ज किया गया, जो 129 मीटर के खतरे के निशान से दो मीटर अधिक है। हालांकि, फिलहाल प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है और एहतियात के तौर पर हाई अलर्ट जारी रखा गया है।


मंगलवार को दोनों नदियों का जलस्तर बढ़ने के कारण जमशेदपुर के कई निचले इलाकों में पानी घुस गया था। कदमा के शास्त्रीनगर में बाढ़ का पानी घुसने से लोगों को काफी परेशानी हुई। जिला प्रशासन की टीम ने देर रात तक बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं मानगो के कुंअर बस्ती में भी पानी घुस गया था, जिससे ओल्ड पुरुलिया रोड जलमग्न हो गया।


सरायकेला-खरसावां जिले में भी भारी बारिश का असर देखने को मिला। कपाली नगर परिषद कार्यालय के समीप स्थित कामारगोड़ा पुल जलमग्न हो जाने से आवागमन बाधित रहा। हालांकि, बुधवार को जलस्तर घटने के बाद यहां आवागमन सामान्य हो गया। इधर, आदित्यपुर में भी खरकई नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण कई निचले इलाकों में पानी घुस गया था।

प्रशासन की ओर से नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है।






























