छायानगर में अपराधी चंदन गिरी की हत्या, पत्नी को मायके छोड़कर निकला था घर
जमशेदपुर, 25 अगस्त : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर में मंगलवार सुबह अपराधी चंदन गिरी की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने उसका शव देख पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पत्नी इशिका कौर के अनुसार, सोमवार शाम चंदन दोनों भाई के केस के सिलसिले में सीतारामडेरा थाना गया था। इसके बाद दोनों शीतला मंदिर गए। रात करीब 9:30 बजे चंदन अपनी पत्नी को मायके छोड़कर घर जाने की बात कहकर वहां से निकल गया। इसके बाद उसके साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी परिवार को नहीं थी।
मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने चंदन की हत्या की जानकारी उसके परिजनों को दी। बताया जा रहा है कि चंदन दिसंबर में जेल से बाहर आया था और फिलहाल कहीं काम करता था। उसकी शादी इसी वर्ष मार्च में इशिका कौर से हुई थी।
हत्या की सूचना के बाद पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने के साथ घटना में शामिल आरोपियों की पहचान में जुटी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के अलावा घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।



