हाट गाम्हरिया में रेस्क्यू किया गया नन्हा हाथी पहुंच दलमा, पर्यटकों को करेगा आकर्षित

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

हाट गाम्हरिया में रेस्क्यू किया गया नन्हा हाथी पहुंच दलमा, पर्यटकों को करेगा आकर्षित

चांडिल, 21 दिसंबर : दलमा वाइल्ड लाइफ सेंचुरी अंतर्गत माकूलाकोचा चेकनाका में अब नन्हा हाथी पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करेगा। माकुलाकोचा चेकनाका में अब रजनी हथिनी के साथ तीन माह का नन्हा हाथी भी रहेगा। पश्चिमी सिंहभूम जिला के हाट गम्हरिया क्षेत्र से रेस्क्यू किए गए तीन माह के हाथी के बच्चे को रविवार को दलमा पहुंचाया गया। हाथी के बच्चे के दलमा पहुंचने से वन विभाग में संतोष का माहौल है, वहीं पर्यटकों के लिए यह एक नया आकर्षण बनने जा रहा है।

 

रेस्क्यू के बाद से ही पशु चिकित्सकों की देखरेख में उसका नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। हाथियों के लिए प्रसिद्ध दलमा वन्य प्राणी आश्रयणी के नए वातावरण में ढालने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

वन विभाग को उम्मीद है कि यह पहल न केवल वन्यजीव संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक कदम साबित होगी, बल्कि दलमा क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी नया आयाम देगी।

वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस छोटे हाथी के आगमन से लंबे समय से अकेली रह रही रजनी हथिनी को अब साथी मिल गया। इससे रजनी का अकेलापन दूर होगा। दलमा वाइल्ड लाइफ सेंचुरी आने वाले पर्यटकों और सैलानियों के लिए भी यह जोड़ी खास आकर्षण का केंद्र बनेगी।

Share This Article