जनता दरबार में सुनी गई समस्याएँ, उपायुक्त ने त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

सरायकेला, 18 नवंबर : समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त नितीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार आयोजित किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए नागरिकों ने पेंशन अवरोध, झारखंड मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना (JMMSY) का लाभ न मिलना, भूमि सीमांकन में विलंब, अवैध ईंट-भट्ठों के संचालन तथा राजस्व–सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी लंबित समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
उपायुक्त ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों का त्वरित, पारदर्शी और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। अवैध ईंट-भट्ठों के मामलों पर उन्होंने जिला खनन पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारियों को तत्काल जांच कर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया, ताकि ऐसे संचालन पर पूर्ण रोक लगाई जा सके।



