DLCC बैठक में हितग्राही योजनाओं की समीक्षा, उपायुक्त ने समयबद्ध ऋण वितरण के दिए निर्देश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

DLCC बैठक में हितग्राही योजनाओं की समीक्षा, उपायुक्त ने समयबद्ध ऋण वितरण के दिए निर्देश

सरायकेला, 18 नवंबर : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय परामर्श समिति (DLCC) की बैठक आयोजित की गई, जिसमें हितग्राही-उन्मुख योजनाओं, ऋण वितरण, वित्तीय समावेशन और बैंकिंग सेवाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। उपायुक्त ने बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों के ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया उसी वित्तीय वर्ष में पूर्ण हो तथा किसी भी आवेदन को बिना कारण लंबित या निरस्त न किया जाए।

उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) से जुड़े लंबित आवेदनों के शीघ्र निस्तारण पर जोर देते हुए ATM सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, बंद ATM के पुनः संचालन और ग्रामीण क्षेत्रों में BC-प्वाइंट की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए। PMFME, कृषि-पशुपालन आधारित उद्यमिता एवं स्व-रोजगार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने महिला समूहों एवं दीदियों को समयबद्ध वित्तीय सहायता और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

बैठक के अंत में जीवन ज्योति एवं जीवन सुरक्षा योजना के तहत तीन मृतकों के आश्रितों को 2-2 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त, RBI प्रतिनिधि, LDM, नाबार्ड तथा विभिन्न विभागों और बैंकों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article