जन शिकायत निवारण दिवस में नागरिकों की समस्याएँ सुनी गईं, कई मामलों का हुआ ऑन द स्पॉट समाधान

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जन शिकायत निवारण दिवस में नागरिकों की समस्याएँ सुनी गईं, कई मामलों का हुआ ऑन द स्पॉट समाधान

जमशेदपुर, 18 नवंबर : समाहरणालय के कार्यालय कक्ष में मंगलवार को जन शिकायत निवारण दिवस आयोजित किया गया, जिसमें उपायुक्त के निर्देश पर उप विकास आयुक्त (डीडीसी) नागेन्द्र पासवान ने नागरिकों की समस्याएँ सुनीं। जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी–अपनी समस्याओं, शिकायतों और सुझावों के साथ उपस्थित हुए। आवेदनों में मुख्य रूप से सरकारी एवं निजी जमीन पर अतिक्रमण, आंगनबाड़ी सहायिका से संबंधित विवाद, भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, गरीबी रेखा के अंतर्गत निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने की मांग तथा गुड़ाबान्दा प्रखंड क्षेत्र की जन समस्याएँ प्रमुख रहीं। इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा, राजस्व, भूमि सुधार एवं अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी नागरिकों ने आवेदन दिए।

उप विकास आयुक्त ने प्रत्येक मामले को संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को अग्रसारित करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी आवेदनों पर संवेदनशीलता, पारदर्शिता और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जन शिकायत निवारण दिवस का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि नागरिकों को त्वरित और न्यायसंगत समाधान उपलब्ध कराना है। इसी क्रम में कार्यक्रम के दौरान कई मामलों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जिससे उपस्थित आवेदकों को तत्काल राहत मिली।

डीडीसी पासवान ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि जिन शिकायतों का निस्तारण स्थल पर संभव नहीं है, उनकी प्रगति की नियमित रूप से समीक्षा की जाए और आवेदकों को उनके मामलों की स्थिति से अवगत कराया जाए। उन्होंने कहा कि जन शिकायत निवारण दिवस शासन और जनता के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है, जिसके माध्यम से प्रशासन क्षेत्रीय समस्याओं की वास्तविक स्थिति को समझकर बेहतर समाधान की दिशा में कार्य कर सकता है। प्रशासन की यह पहल नागरिकों को भरोसा और पारदर्शिता दोनों प्रदान करती है, जिससे जनभागीदारी और सुशासन को बल मिलता है।

Share This Article