कपाली में अवैध बूचड़खानों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, दो गाय बरामद, एक बूचड़खाना सील
चांडिल, 15 मई : सरायकेला-खरसावां जिले के उपायुक्त के निर्देश पर चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार राय के नेतृत्व में कपाली ओपी क्षेत्र में अवैध बूचड़खानों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। प्रशासन की टीम ने कपाली के रहमतनगर इलाके में छापेमारी कर ताहीर कुरैशी के बूचड़खाने से दो गाय बरामद की। प्रशासन को आशंका है कि गायों को काटने के उद्देश्य से वहां रखा गया था। कार्रवाई के दौरान उक्त बूचड़खाने को सील कर दिया गया।
छापेमारी अभियान के दौरान प्रशासन की टीम ने कपाली क्षेत्र के कई अन्य बूचड़खानों की भी जांच की। इस दौरान कुछ बूचड़खाने बंद पाए गए, जबकि एक संचालक ने अपने पास वैध दस्तावेज होने का दावा किया। अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार राय के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई से अवैध बूचड़खाना संचालकों और मवेशी कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की है और इसे कानून व्यवस्था के लिए जरूरी कदम बताया है।
वहीं, इस कार्रवाई के बाद कपाली पुलिस की भूमिका को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों के बीच चर्चा है कि क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे अवैध बूचड़खानों की जानकारी आखिर पुलिस को क्यों नहीं थी। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि इस गैरकानूनी धंधा में पुलिस की भी मिलीभगत हो सकती है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई होती तो मामला उपायुक्त तक नहीं पहुंचता।
बताया जा रहा है कि कपाली क्षेत्र के लोगों द्वारा लगातार शिकायत किए जाने के बाद उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच के निर्देश दिए। इसके बाद चांडिल अनुमंडल प्रशासन ने यह कार्रवाई की। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में भी इसी तरह नियमित अभियान चलाकर अवैध कारोबार पर सख्ती से रोक लगाई जाए। लोगों का कहना है कि इन क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्ती से इस प्रकार के धंधों पर लगाम लगाया जा सकता है।