कुकड़ू हाट नक्सली हमले के शहीदों को श्रद्धांजलि, तिरुलडीह थाना परिसर में भावपूर्ण स्मरण

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

 

तिरुलडीह, 14 जून : सरायकेला-खरसावां जिले के तिरुलडीह थाना परिसर में वर्ष 2019 के कुकड़ू हाट नक्सली हमले में शहीद हुए पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर तिरुलडीह थाना प्रभारी समेत थाना के सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने शहीद पुलिस कर्मियों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनकी स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।

गौरतलब है कि 14 जून 2019 को तिरुलडीह थाना क्षेत्र के साप्ताहिक कुकड़ू हाट में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर नक्सलियों ने अचानक घात लगाकर हमला कर दिया था। नक्सलियों ने पहले पुलिस जवानों को घेर लिया और फिर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस जघन्य हमले में तिरुलडीह थाना में पदस्थापित एएसआई गोबर्धन पासवान, एएसआई मनोधन हांसदा, कांस्टेबल डिब्रू पूर्ति, धनेश्वर महतो तथा युधिष्ठिर मलुवा वीरगति को प्राप्त हुए थे। घटना के बाद पूरे झारखंड में शोक और आक्रोश की लहर दौड़ गई थी।

यह हमला उस समय नक्सलवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सुरक्षा बलों पर हुए सबसे चर्चित हमलों में से एक माना गया था। बाद में पुलिस ने अभियान चलाकर इस घटना में शामिल कई नक्सलियों को गिरफ्तार किया था, जिसे बड़ी सफलता माना गया था।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शहीद जवानों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनकी वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। पुलिस परिवार आज भी उन अमर शहीदों को गर्व और सम्मान के साथ याद करता है।

Share This Article