आजसू प्रखंड अध्यक्ष गोपेश महतो के पिता का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
ईचागढ़, 13 जून : ईचागढ़ प्रखंड के तुता पंचायत अंतर्गत चोगा गांव निवासी एवं आजसू पार्टी के ईचागढ़ प्रखंड अध्यक्ष गोपेश कुमार महतो के पिता प्रदीप कुमार महतो (60) का शनिवार को आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
निधन की सूचना मिलते ही आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरे लाल महतो समेत पार्टी के कई नेता, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण चोगा स्थित उनके आवास पहुंचे और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी।
चिमटिया पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि अनाथ चंद्र महतो ने बताया कि प्रदीप कुमार महतो मिलनसार एवं सामाजिक स्वभाव के व्यक्ति थे। उन्हें खेलकूद से विशेष लगाव था और वे लंबे समय तक गौरांगकोचा स्थित प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय में अनुबंध शिक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके थे। शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र में उनके योगदान को लोग लंबे समय तक याद रखेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रदीप कुमार महतो एक प्रतिष्ठित परिवार से जुड़े थे। उनके पिता उमाकांत महतो सेवानिवृत्त शिक्षक होने के साथ-साथ ईचागढ़ प्रखंड में सांसद प्रतिनिधि तथा तुता पंचायत के पंचायत समिति सदस्य के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वहीं उनके बड़े पुत्र गोपेश कुमार महतो वर्तमान में आजसू पार्टी के ईचागढ़ प्रखंड अध्यक्ष के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
दिवंगत प्रदीप कुमार महतो अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनका अंतिम संस्कार शनिवार को सीतानाला नदी तट पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, शुभचिंतक एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए। उनके निधन पर क्षेत्र के सामाजिक एवं राजनीतिक लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।