चांडिल : सरायकेला खरसावां जिला कांग्रेस के महासचिव राजू चौधरी का निधन

चांडिल, 13 अगस्त : सरायकेला-खरसावां जिला कांग्रेस के महासचिव राजू चौधरी का मंगलवार की शाम इलाज के दौरान निधन हो गया। गांगूडीह डैम कॉलोनी निवासी कांग्रेस नेता राजू चौधरी को ब्रेन स्ट्रोक होने के बाद रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान रिम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था। जहां मंगलवार शाम इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
राजू चौधरी लंबे समय से कांग्रेस पार्टी से जुड़े रहे और पूर्व केंद्रीय मंत्री सह रांची लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के पूर्व सांसद सुबोध कांत सहाय के करीबी थे। उनके इलाज के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय दो बार रिम्स के ट्रॉमा सेंटर पहुंचे थे और चिकित्सकों से इलाज की जानकारी लिए थे। सुबोध कांत सहाय ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श कर राजू चौधरी को बेहतर इलाज मुहैया कराने के लिए कहा था।
मिली जानकारी के अनुसार राजू चौधरी को तबीयत बिगड़ने के बाद पहले टाटा मेन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां से बेहतर इलाज के लिए उसे राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान रिम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। राजू चौधरी अपने पीछे पत्नी, दो छोटे-छोटे बच्चे, वृद्ध पिता, भाई आदि का भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं।मिलनसार स्वभाव के होने के कारण राजू चौधरी का क्षेत्र में सभी के साथ अच्छा संबंध था। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर है।



