चांडिल : कपाली के इस्लामनगर में दिनदहाड़े चली गोली, एक घायल

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल, 02 जून : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 5 स्थित इस्लामनगर मजार के पीछे मंगलवार दोपहर बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग किया। अचानक चली गोली से इलाके में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि इस घटना में अफसर नवाज नामक व्यक्ति घायल हो गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, अफसर नवाज अपनी जमीन पर चारदीवारी निर्माण का कार्य करा रहे थे। निर्माण कार्य के दौरान 8 से 10 की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने उनके साथ गाली-गलौच की और रंगदारी की मांग करने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने कथित तौर पर तीन राउंड फायरिंग कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फायरिंग के दौरान एक गोली अफसर नवाज के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गए। गोली चलने की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और निर्माण कार्य में लगे मिस्त्री व मजदूर अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही कपाली ओपी की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को रोकने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में कपाली पुलिस अपेक्षित सफलता नहीं हासिल कर पा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

Share This Article