तिरुलडीह–कुकड़ू मुख्य मार्ग पर जंगली हाथियों की मौजूदगी से राहगीरों में दहशत

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

तिरुलडीह–कुकड़ू मुख्य मार्ग पर जंगली हाथियों की मौजूदगी से राहगीरों में दहशत

कुकड़ू, 16 जनवरी : चांडिल रेंज के ग्रामीण इलाकों में एक बार फिर जंगली हाथियों का दिन के उजाले में विचरण शुरू हो गया है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है। शुक्रवार की शाम तिरुलडीह–कुकड़ू मुख्य मार्ग पर तीन जंगली हाथियों की मौजूदगी देखी गई, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया।

उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में कुकड़ू प्रखंड क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। कुछ दिन पूर्व कुकड़ू क्षेत्र के एक खलिहान में सो रहे किसान को हाथी द्वारा पटककर मार डालने की घटना भी सामने आ चुकी है। इसके बावजूद हाथियों की बढ़ती आवाजाही से लोगों में भय बना हुआ है।

शुक्रवार को कुकड़ू साप्ताहिक हाट होने के कारण मुख्य मार्ग पर लोगों और वाहनों की आवाजाही सामान्य से कहीं अधिक थी। हाथियों के सड़क पर आ जाने से देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतार लग गई। काफी प्रयासों के बावजूद हाथी सड़क से नहीं हटे, जिससे राहगीरों को मजबूरी में वापस कुकड़ू और तिरुलडीह की ओर लौटना पड़ा।

क्षेत्र में दिनदहाड़े जंगली हाथियों के विचरण से लोगों में डर का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते वन विभाग द्वारा ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो कभी भी कोई बड़ी अप्रिय घटना घट सकती है। लोगों ने हाथियों की निगरानी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

Share This Article