हरेलाल महतो ने इंटर जिला टॉपर अनामिका गोराई को किया सम्मानित, दी आर्थिक सहायता

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

 

नीमडीह, 21 मई : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड अंतर्गत चालियामा गांव की इंटर कला संकाय की जिला टॉपर अनामिका गोराई को गुरुवार को “जन सेवा ही लक्ष्य” के संस्थापक एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो ने सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने अनामिका को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा उसकी आगे की पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता भी प्रदान की।

अनामिका गोराई ने इंटर आर्ट्स परीक्षा में 500 में से 437 अंक प्राप्त कर जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है। वह शिवानंद विद्यापीठ प्लस टू उच्च विद्यालय, चालियामा की छात्रा है। उसके पिता अनिरुद्ध गोराई ग्रामीण चिकित्सक हैं, जबकि माता अंजू गोराई गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद अनामिका ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर यह सफलता हासिल की है।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र काफी पिछड़ा माना जाता है, लेकिन यहां की बेटियां अपनी प्रतिभा और मेहनत से लगातार नई मिसाल कायम कर रही हैं। अनामिका की इस सफलता से अन्य छात्र-छात्राओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। हरेलाल महतो ने कहा कि आर्थिक अभाव किसी भी प्रतिभा की राह में बाधा नहीं बनना चाहिए। उन्होंने अनामिका को उच्च शिक्षा में हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।

बेटी की इस उपलब्धि और सम्मान से परिवार में खुशी का माहौल है। अनामिका के माता-पिता ने हरे लाल महतो के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इस सम्मान और सहयोग से उनकी बेटी का मनोबल और बढ़ा है। इस मौके पर आजसू पार्टी के अजय सिंह, बुलेट नाग, राजकिशोर महतो, पशुपति महतो, पूर्व मुखिया हरि पद सिंह, लक्ष्मीकांत महतो, सनत महतो आदि मौजूद थे।

Share This Article